CG विधानसभा में 20 एवं 21 को विधायकों का होगा ‘‘प्रबोधन कार्यक्रम’’

Share this

‘‘प्रबोधन कार्यक्रम’’ का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे

दुर्ग न्यूज़, 17 जनवरी। विधानसभा परिसर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रेक्षागृह में सदस्यों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 20 जनवरी को अध्यक्ष लोकसभा, ओम बिरला दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस प्रस्तावित ‘‘प्रबोधन कार्यक्रम’’ में वे विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को मार्गदर्शन देंगे। प्रबोधन कार्यक्रम के प्रथम दिवस के तृतीय सत्र में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। ‘‘प्रबोधन कार्यक्रम’’ के प्रथम दिवस विधानसभा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सतीश महाना, और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया का भी संबोधन होगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में ‘‘प्रबोधन कार्यक्रम’’ के द्वितीय दिवस 21 जनवरी केंद्रीय गृहमंत्री, अमित शाह छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित सदस्यों को मार्गदर्शन देंगे। इनके अतिरिक्त पूर्व मंत्री एवं सदस्य अजय चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी सदस्यों को संबोधित करेंगे।

अलग-अलग सत्रों में होने वाले इन कार्यक्रमों में विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्यमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, मंत्रीगण एवं समस्त विधायकगण तथा विधानसभा सचिव, दिनेश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।

Share this
READ MORE  RRR को ऑस्कर : सीएम बघेल ने पूरी टीम को दी बधाई