
कोरबा2 घंटे पहले

कोरबा जिले के आदर्श विहार आवासीय परिसर में रेत परिवहन कर रहे वाहन ने 5 कारों और 3 स्कूटी को बुरी तरह से कुचल दिया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर बाहर निकले मोहल्ले के लोगों ने भारी वाहन के ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने बताया कि एक्सीडेंट ओवर स्पीडिंग (तेज रफ्तार) के कारण हुआ। मामला CSEB पुलिस चौकी का है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह रेत से भरी गाड़ी तेज रफ्तार से आदर्श विहार आवासीय कॉलोनी में घुसी। यहां ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एक के बाद एक चारपहिया और दोपहिया वाहनों को टक्कर मारकर कुचलता चला गया। आवाज सुनकर लोगों को लगा कि कोई बड़ा हादसा हुआ है। जब वे निकले और अपनी गाड़ियों की दुर्दशा देखी, तो उनका गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने तुरंत वाहन चालक को पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई कर दी।

कई गाड़ियों को भारी वाहन ने मारी टक्कर।
लोगों की सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। वाहन को जब्त कर लिया गया है। सीएसईबी चौकी प्रभारी प्रेम साहू ने बताया कि घटना में कई वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के खिलाफ वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, कई बार चक्काजाम और विरोध-प्रदर्शन भी किया जा चुका है, लेकिन पुलिस-प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि ये तो गनीमत थी कि किसी भी कार या स्कूटी पर कोई व्यक्ति नहीं था, नहीं तो भारी वाहन की टक्कर से उनकी जान जा सकती थी।

वाहन चालक गिरफ्तार।
भारी वाहन ने 3 दिन पहले भी बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की हुई थी मौत
कोरबा जिले में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं 2 लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि यहां माजदा वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिसके चलते यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद माजदा वाहन का चालक केबिन में ही फंस गया था। हादसा मोरगा चौकी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार 2 युवक शनिवार को कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग होकर कहीं जा रहे थे। ये अभी मदनपुर घाट के पास पहुंचे थे। तभी यह हादसा हो गया है। हादसे के बाद मौके पर ही दीपक चंदन किस्पोट्टा(40) की मौत हो गई थी। वहीं उसके साथ बैठा चरण सिंह बुरी तरह घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

क्षतिग्रस्त कार।
16 जनवरी को कोरबा में सड़क हादसे में पिता और बेटे की हुई मौत
कोरबा जिले में सोमवार 16 जनवरी को हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई है। बच्चे का बर्थडे केक लेकर युवक अपने परिवार के साथ घर जा रहा था। तभी सामने से आई बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हुई है। हादसे में दूसरे बाइक का चालक भी घायल हुआ है। कटघोरा थाना क्षेत्र की घटना है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुगदा निवासी अजय पटेल सोमवार को कसनिया में बार महोत्सव में शामिल होने गया था। उसके साथ उसका 5 साल का बेटा हिमांशु, बड़ा बेटा और पत्नी भी थी। चारों एक ही बाइक में सवार होकर महोत्सव में गए थे।

पिता और बेटे की मौत।
जन्मदिन के दिन बच्चे की मौत
बताया गया कि महोत्सव के बाद चारों हिमांशु का जन्मदिन होने पर केक लेने कटघोरा गए थे। वहां से केक लेने के बाद शाम को करीब 4.30 बजे चारों वापस लौट रहे थे। ये अभी कटघोरा से बिलासपुर मार्ग पर कारखाने के पास पहुंच थे। उसी वक्त सामने से रही बाइक से इनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही अजय और उसके 5 साल के बेटे हिमांशु की मौत हो गई। जबकि पत्नी और बड़े बेटे को हल्की चोटें आई हैं। वहीं दूसरे बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भेजा गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
