


भिलाई नगर। दो दिनों से प्रदेश में कहीं रूक-रूक कर तो कहीं लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। डेम से पानी खोलने के कारण किनारे के गांवों में अलर्ट जारी है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
शिवनाथ नदी का जलस्तर रविवार से ही बढ़ रहा है। हमरा एनीकेट के ऊपर कई फीट पानी बह रहा है। दुर्ग भिलाई शहर की निचली बस्तियों में पानी भर गया है। वहीं सड़कों पर गड्ढों में पानी भर जाने से परेशानी बढ़ गई है।

दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल पहाड़ी में एनएमडीसी द्वारा निर्मित एन-1 बी डेम जिले में अत्यधिक बारिश होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके कारण अनेक घर बाढ़ की चपेट में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल लोगों को सुरक्षित स्थान ले जाया गया है। इसके अलावा किरंदुल के गाटर पुलिया एवं सीएससी सेंटर के पास भी बारिश से जल जमाव होने से जेसीबी मशीन के द्वारा रोड की साफ सफाई की गई। यहां भी जिला प्रशासन के द्वारा निचले स्तर पर बसी बस्तियों में जलभराव स्थिति को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला प्रशासन मौके पर तैनात होकर रेस्क्यू कर रहा है तथा प्रभावित परिवारों को मंगल भवन में ठहराया जा रहा है। इस दौरान ट्यूशन पढ़ने जा रहे बच्चे, जो बाढ़ की चपेट में आ गए थे, उन्हें भी रेस्क्यू कर बचाया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार भारी बारिश के कारण बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के समीप रहने वाले लोगों को अन्य जगह शिफ्ट होने की हिदायत दी जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग की माने तो पूरे प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इसे लेकर जिलों के लिए चेतावनी भी जारी की है। लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से प्रदेश के 10 जिलों को अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें सुकमा और बीजापुर रेड अलर्ट हैं। वहीं, प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि दक्षिण व मध्य छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के अनुसार येलो अलर्ट – राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडगांव, दंतेवाड़ा, कांकेर व नारायणपुर के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।
ऑरेंज अलर्ट – बालोद जिले में एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है।
रेड अलर्ट – सुकमा और बीजापुर में एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने के संकेत है।
आगामी 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट अनुसार प्रदेश के रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई, राजनन्दगाँव, मोहला- मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर व सुकमा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। आगामी 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट अनुसार प्रदेश के काँडागाँव, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर व नारायणपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
