दुल्हन बनेंगी स्टार शटलर पीवी सिंधु,इसी महीने लेंगी सात फेरे

Share this

हैदराबाद। भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता, पीवी सिंधु के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। पीवी सिंधु 22 दिसंबर को राजस्थान के उदयपुर में शादी करने जा रही हैं। उनकी शादी के पलों में उनके साथ होंगे वेंकट दत्ता साईं, जो एक वरिष्ठ आईटी पेशेवर और पॉसाइडेक्स टेक्नोलॉजीस के कार्यकारी निदेशक हैं।

पीवी सिंधु के पिता, पीवी रमना ने इस शादी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों परिवार पहले से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन रिश्ता एक महीने पहले ही तय हुआ था। उन्होंने बताया, “जनवरी से सिंधु का बैडमिंटन शेड्यूल बहुत व्यस्त रहेगा, इसलिए दिसंबर का समय शादी के लिए सबसे उपयुक्त था। शादी 22 दिसंबर को उदयपुर में होगी और रिसेप्शन 24 दिसंबर को हैदराबाद में आयोजित होगा। इसके बाद सिंधु अपने ट्रेनिंग में लौट जाएंगी, क्योंकि अगला सीजन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”

सिंधु के लाइफ पार्टनर बनने जा रहे वेंकट दत्ता साईं, पॉसाइडेक्स टेक्नोलॉजीस के कार्यकारी निदेशक हैं। उनके पिता, जीटी वेंकटेश्वर राव, इस कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और पहले भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में अधिकारी रहे। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में पीवी सिंधु ने इस कंपनी का नया लोगो लॉन्च किया था।

वेंकट साईं का प्रोफेशनल करियर आईटी क्षेत्र में काफी मजबूत रहा है। उन्होंने जेएसडब्ल्यू और सौर एप्पल एसेट मैनेजमेंट जैसी कंपनियों में काम किया है। दिसंबर 2019 से वे पॉसाइडेक्स टेक्नोलॉजीज में कार्यरत हैं, जहां उनका प्रमुख काम बड़े बैंकों, जैसे एचडीएफसी और आईसीआईसीआई के लिए समाधान तैयार करना है। इनमें लोन प्रोसेसिंग को तेज करना और क्रेडिट स्कोर मैचिंग जैसी सुविधाएं प्रदान करना शामिल हैं।

READ MORE  गीतों और रंगों के अनूठे संयोजन के साथ 120 कलाकारों ने दर्शाया नारी के मनोभावों को 
Share this