
दुर्ग में भी नहीं हो रहा धान का उठाव, राइसमिलरों के असहयोग के चलते नाममात्र उठा है धान
० जिले में 2,17,901.68 टन धान की खरीदी
दुर्ग, 14 दिसम्बर। जिले में शासन की धान खरीदी नीतियों के अनुरूप सुसंगत ढंग से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। जिले के 87 सहकारी समितियों के 102 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी चल रही है। जिले के पंजीकृत 1,14,777 किसानों से अब तक 47,523 किसानों से 2,17,901.68 टन खरीदी की गई है। उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव नहीं के बराबर हुआ है। अब तक मात्र 2,954 टन धान का उठाव हुआ है जो कुल खरीदी का लगभग एक फीसदी है।
जिला विपणन अधिकारी भौमिक बघेल से मिली जानकारी अनुसार जिले के उपार्जन केन्द्रों जहां धान खरीदी प्रभावित है, उन केंद्रों से धान के उठाव हेतु परिवहनकर्ता को 19,454 टन धान के उठाव के लिए टीओ जारी किया गया है। साथ ही परिवहनकर्ता को तत्काल ट्रक लोडिंग के लिए निर्देशित किया जा रहा है। आज नगपुरा, भेड़सर, ओटेबंद, तेलीगुंडरा उपार्जन केन्द्रों में गाड़ियां लगी है। इसी प्रकार कस्टम मिलरों को 16,240 टन का डीओ जारी किया गया है। जिसमें 14 उपार्जन केन्द्रों से 2,954 टन धान का उठाव हुआ है।
