दुर्ग निगम का जनसूचना अधिकारी कुर्सीविहीन!

Share this

 

– तीन महीनों से कर रहे हैं घूम-घूमकर काम

दुर्ग। नगर निगम के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के पास जहां बैठने के लिए न केवल कुर्सी है, अपितु उनके लिए पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर की भी व्यवस्था है, वहीं दूसरी ओर एक ऐसा भी अधिकारी है, जिसके पास बैठने की जगह तक नहीं है। कहने के लिए उक्त अधिकारी के नाम की पट्टिका एक कमरे के बाहर लगी है, लेकिन उसके भीतर बैठने की जगह उपलब्ध नहीं है। हालात यह है कि जन सूचना अधिकारी को घूम-घूमकर काम करना पड़ रहा है।

करीब तीन महीने पहले राजूलाल चंद्राकर को दुर्ग नगर निगम में जनसूचना अधिकारी बनाया गया था। तब से लेकर अब तक चंद्राकर ने कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से कक्ष उपलब्ध कराने का निवेदन किया, किन्तु उनके लिए बैठक व्यवस्था उपलब्ध नहीं करवाई गई। राजूलाल चंद्राकर कभी इस दफ्तर तो कभी उस दफ्तर में बैठकर वक्त काट रहे हैं। सूचना का अधिकार के लिए उन्हें पत्र आदि तैयार करवाने के लिए भी खासा संघर्ष करना पड़ता है। संबंधित विभाग को नोटशीट भेजने से लेकर तमाम तरह के काम वे घूमते-फिरते निपटा रहे हैं। कई तरह के दस्तावेजों को भी वे अपनी दुपहिया की डिक्की में रखकर काम चला रहे हैं।

बताते हैं कि पिछले दिनों एक सज्जन ने जन सूचना अधिकारी के ही खिलाफ आरटीआई लगा दी थी। उक्त सज्जन यह जानना चाहता था कि जन सूचना अधिकारी के आने-जाने का वक्त क्या है और वह कहां बैठते हैं। इससे ज्यादा हास्यास्पद स्थिति क्या होगी जो अधिकारी लोगों को सूचनाएं देने के लिए नियुक्त किया गया है, उसी के खिलाफ सूचना मांगी गई। चंद्राकर के मुताबिक, जनसूचना अधिकारी के रूप में नियुक्ति के बाद उन्होंने कई बार कक्ष आबंटित करने का निवेदन किया है। देखते हैं, कब तक आबंटन होता है।

READ MORE  भैंस खटाल से सार्वजनिक स्थल पर गंदगी, भिलाई निगम ने लगाया 60 हजार जुर्माना

सूत्रों के मुताबिक, नगर निगम में कई कक्ष खाली पड़े हैं। वहीं कई ऐसे स्थान है, जहां जन सूचना अधिकारी के लिए बैठक व्यवस्था करवाई जा सकती है। मीडिया विभाग के बगल में ही दो-तीन कक्ष खाली पड़े हुए हैं। इसके अलावा कमरा नंबर दो, जिसे सहायक राजस्व निरीक्षक कक्ष भी कहा जाता है, में भी व्यवस्था बनाकर बैठक का इंतजाम किया जा सकता है। जानकारों के मुताबिक, इस कमरा नंबर दो में राजस्व अधिकारी भी नहीं बैठते हैं। कुछ समय पहले कार्यपालन अभियंता राजेश पाण्डेय ने नोटशीट चलाकर प्रभारी राजस्व अधिकारी नारायण यादव से कक्ष आबंटन की बात कही थी, किन्तु नारायण यादव ने कक्ष खाली नहीं होने का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया था। जबकि वर्तमान में उस कक्ष में एक प्लेसमेंट कम्प्यूटर आपरेटर अकेली काम कर रही है।

०००

Share this