बिलासपुर का बकरी चोर गैंग पकड़ाया, मॉडिफाइड इनोवा से चुराकर मटन दुकान में बेच देते, 7 आरोपी गिरफ्तार

Share this

कबीरधाम। कवर्धा पुलिस ने रविवार को बकरी चोर गैंग को पकड़ा। पुलिस ने बिलासपुर के एक संगठित बकरी चोर गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 16 बकरियां और चोरी में इस्तेमाल की गई विशेष रूप से मॉडिफाइड इनोवा गाड़ी जब्त की गई है।

एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि कबीरधाम जिले के कुकदूर, पंडरिया और कवर्धा थाना क्षेत्रों में रात के समय बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि बिलासपुर के मोपका, मंगला और मगरपारा क्षेत्रों से संचालित यह गिरोह कबीरधाम के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों को निशाना बना रहा था। गिरोह अब तक 80 से अधिक बकरियों की चोरी कर चुका है। चुराई गई अधिकांश बकरियां बिलासपुर की मटन दुकानों में बेच दी गईं, जबकि 16 बकरियां बरामद की गईं।

आरोपी चोरी के लिए विशेष रूप से मॉडिफाइड इनोवा गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, जिसमें बकरियों को आसानी से छिपाकर ले जाया जा सकता था। पुलिस ने आरोपियों को बकरियों के साथ शहर में जुलूस भी निकाला। एएसपी ने कहा कि बकरी चोरी ग्रामीण गरीब परिवारों की आजीविका पर सीधा हमला है और इसे छोटी घटना नहीं माना जा सकता।

मटन दुकानों को सप्लाई

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे बकरियों को चुराने के बाद रात में ही बिलासपुर ले जाकर मटन दुकानों में बेच देते थे। गिरोह का तरीका सुनियोजित था, जिसमें तेज गति से वाहन का उपयोग, मोबाइल का सीमित प्रयोग और तकनीकी निगरानी से बचने की रणनीति शामिल थी। हालांकि, कबीरधाम पुलिस की सजगता और समन्वय से उन्हें पकड़ लिया गया।

READ MORE  कोयला कारोबारी के ऑफिस में फायरिंग, बाइक में दिखे दो संदिग्ध
Share this