


० घटना में प्रयुक्त बाइक, पिस्टल व कारतूस बरामद
भिलाई। घासीदास नगर जामुल में 14 नवंबर की शाम को विकास प्रजापति पिता इंद्रजीत प्रजापति, 26 वर्ष निवासी केम्प 2 भिलाई पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया गया। जामुल पुलिस ने धारा 109 (1) बीएनएस कायम कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपी करण पिता विलोचन साव द्वारा झारखंड से भाड़े के शूटरों को बुलाकर अपने गोदाम में रूकवाया गया था। झारखंड के झींग नगर एवं जगन्नाथपुर (रांची) के आरोपी राजेश 29 वर्ष निवासी झींगनगर हटिया, थाना बिहार सरिफ तथा बबलू उर्फ बडका 27 वर्ष जगन्नापुर, न्यू कॉलोनी रांची झारखंड को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
राजेश आरोपी करण साव का ममेरा भाई है जो रेल्वे व अन्य प्रतियोगी परीक्षा देने भिलाई आता जाता था। करण साव ने अपने चचेरे भाई शिवम की हत्या का बदला लेने के लिए राजेश की मदद ली, राजेश साव ने बबलू उर्फ बडका व अन्य दो को हत्या करने का जिम्मा दिया।
करण साव ने आरोपियों को पिस्टल, गोलियों की व्यवस्था करने के लिए 55 हजार रुपये उपलब्ध कराये थे। 14 नवंबर को गोली कांड के बाद आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल व गोलियां करण साव को लाकर दिये। पश्चात आरोपीगण करण साव द्वारा उपलब्ध करायी गयी हीरो पैशन बाइक सीजी 07 एपी 1013 से रायपुर की ओर भाग गए। बाइक भिलाई 3 बाजार के किनारे खड़ी कर आटो से रायपुर बस स्टैंड चले गए थे।आरोपियों की निशानदेही पर करण साव से घटना में प्रयुक्त पिस्टल तथा कारतूस (7.65) एवं आरोपी बबलू से कारतूस तथा बाइक हीरो पैशन जब्त किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
