खदान में डाइनामाइट विस्फोट, 10 लोगों की मौत, चार शव बरामद

Share this

शिलॉन्ग। मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। यह कोयला खदान जिले के मिसिंगेट-थांग्स्को इलाके में है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि दूरदराज के इलाके में स्थित इस खदान से चार शव बरामद किए गए हैं और एक झुलसे हुए व्यक्ति को उपचार के लिए शिलांग भेजा गया है।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और दमकल व आपात सेवाओं की टीमें मौके पर भेजी गईं।
उन्होंने कहा कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
घटनास्थल से मिली जानकारी अनुसार, जिस पहाड़ी पर अवैध खनन हो रहा था, विस्फोट के बाद उसका एक हिस्सा धंस गया, जिससे और खनिकों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

इसी थांग्स्को इलाके में पिछले साल 23 दिसंबर को भी ऐसा ही डायनामाइट विस्फोट हुआ था। उस विस्फोट में दो खनिकों की मौत हो गई थी।

Share this
READ MORE  कोरकोट्टी के शहीदों को श्रद्धांजलि, पौधरोपण और रक्तदान किया