राजनांदगांव में पद्मश्री फुलबासन यादव के अपहरण का प्रयास, 3 आरोपी गिरफ्तार 

Share this

 

राजनांदगांव। पद्मश्री सम्मानित फुलबासन बाई यादव के अपहरण का प्रयास किया गया। पुलिस की सजगता से आरोपी नाकाम रहे। पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे सुकुलदैहान पुलिस चौकी में पूछताछ जारी है।

घटना सुबह करीब 10 बजे की है। बेमेतरा से आई खुशबू साहू और उसके दो साथियों ने फुलबासन यादव को जरूरी चर्चा का हवाला देकर घर से बाहर बुलाया और कार में बैठा लिया। कार चलते ही आरोपियों ने उनके हाथ बांध दिए और मुंह पर गमछा बांध दिया।

चिखली चौकी पर रूटीन चेकिंग में पकड़े गए

कार खैरागढ़ मार्ग पर चिखली पुलिस चौकी के सामने पहुंची तो रूटीन चेकिंग के लिए तैनात टीम ने रोका। हाथ-मुंह बंधा देखकर पुलिस को शक हुआ। आरोपियों ने मिर्गी का मरीज बताकर गुमराह करने की कोशिश की। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने फुलबासन यादव को पहचान लिया। पुलिस ने तुरंत कार सवारों को चौकी पर बैठाया। घटनास्थल सुकुलदैहान क्षेत्र का होने से तीनों को वहां की पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बेमेतरा की खुशबू साहू स्वयं सहायता समूह से जुड़ी है और 4-5 महीने से फुलबासन यादव के संपर्क में थी। बेमेतरा क्षेत्र में समूहों को रोजगार प्रशिक्षण के नाम पर जोड़कर अवैध वसूली की जानकारी भी मिली है।

अपहरण के पीछे की मंशा क्या थी, इसका खुलासा पूछताछ के बाद होगा। शीर्ष पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की समाजसेवी और महिला सशक्तिकरण की मिसाल फुल बासन यादव को 2012 में भारत सरकार ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। पद्मश्री पुरस्कार उन्हें सामाजिक कार्य, नशामुक्ति और महिला स्व-सहायता समूहों के जरिये गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए मिला था।

READ MORE  इंदिरा मार्केट के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग,सामान जलकर खाक 
Share this