अंतागढ़ ब्लॉक के सभी सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा सरकार के सुशासन के दावे पर करारा तमाचा – कांग्रेस

Share this

 

रायपुर। बस्तर संभाग के कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक के सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा सरकार द्वारा किये जा रहे सुशासन के दावे पर करारा तमाचा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने यह कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल झूठ और जुमलों की सरकार है, सत्ता के विकेंद्रीकरण से भाजपा को कितनी हिकारत है वह स्थानीय निकायों की दुर्दशा, बदहाली और वर्तमान दयनीय स्थिति से प्रमाणित है। स्थानीय जनप्रतिधियों का स्पष्ट तौर पर आरोप है कि विकास कार्यों के लिए लंबे समय से फंड जारी नहीं किया जा रहा है, अति आवश्यक, जरूरी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम ठप्प पड़े हैं। सड़क, नाली, बिजली, पानी, भवनों का रखरखाव तक नहीं हो पा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार में स्थानीय निकायों के अधिकार छीने जा रहे हैं। जानबूझकर बजट और फंड रोका जा रहा है, पंचायतों के जन प्रतिनिधियों के पास संसाधनों की कमी के कारण कोई जवाब नहीं बचा है, भाजपा सरकार की दुर्भावना के चलते ही पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि ग्रामीणों के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। भाजपा की सरकार पंचायती राज व्यवस्था को बर्बाद कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता श्री वर्मा ने कहा है कि वर्तमान दौर में भाजपा अधिनायकवाद पर उतर आई है, स्थानीय जनप्रतिधियों और स्थानीय निकायों के अधिकार बाईपास कर ठेके पर सरकार चलाई जा रही है। ग्राम सभा और पंचायतों को अधिकारियों के माध्यम से रिमोट से संचालित किया जा रहा है, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्रियान्वयन एजेंसी, ग्राम पंचायतों को भाजपा की सरकार पाई-पाई के लिए तरसा रही है, केवल प्रदेश के संसाधनों को लूटने और अपने पूंजीपति मित्रों को लुटाने के लिए ही ग्राम सभा और ग्राम पंचायत की सुध इस सरकार को आती है, कही पर दबाव पूर्वक, तो कहीं फर्जी प्रस्ताव से अधिकार कुचले जा रहे हैं और जब देने की बारी आती है तो केवल धोखा ? भाजपा के कुशासन में पूरे प्रदेश के ग्राम पंचायतों का लगभग यही हाल है, सरकार पंचायतों को विकास के लिए आवश्यक बजट और फंड उपलब्ध कराए अन्यथा कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।

READ MORE  युक्तियुक्तकरण में लापरवाही, डौंडी विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारद्वाज निलंबित
Share this