दुर्ग बस स्टैंड के वाटर एटीएम से बेच रहे पानी, निरीक्षण में पकड़ा गया

Share this

 

दुर्ग। भीषण गर्मी के दौरान आम नागरिकों, यात्रियों एवं जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम दुर्ग द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित वाटर एटीएम “पनघट” का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

महापौर श्रीमती अलका बाघमार के निर्देशानुसार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में जल विभाग प्रभारी श्रीमती लीना दिनेश देवांगन ने जल विभाग के सहायक अभियंता गिरीश दीवान के साथ बस स्टैंड स्थित वाटर एटीएम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई कि वहां तैनात कर्मियों द्वारा नियमों के विपरीत बड़े कैन में पानी भरकर विक्रय किया जा रहा था, जिससे आम नागरिकों एवं यात्रियों को समय पर स्वच्छ एवं शीतल जल उपलब्ध नहीं हो रहा था।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अत्यधिक मात्रा में बड़े कैन में पानी भरने के कारण पानी पर्याप्त फिल्ट्रेशन प्रक्रिया से नहीं गुजर रहा था, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की संभावना बनी हुई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जल विभाग प्रभारी ने संबंधित कम्पनी संचालक को तत्काल नोटिस जारी करने तथा भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साथ ही अधिकारियों को वाटर एटीएम से उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता जांच के लिए लैब टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम द्वारा स्थापित वाटर एटीएम आम जनता की सुविधा के लिए हैं और इनके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

READ MORE  69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी में छत्तीसगढ़ ने प्रथम

बता दें कि नगर निगम द्वारा संचालित वाटर एटीएम में एक रुपये के सिक्के पर एक लीटर एवं पांच रुपये के सिक्के पर पांच लीटर शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

Share this