समाधान शिविर में ACB का शिकंजा, 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया बाबू

Share this

 

कोरबा। जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी टीम ने सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की घूस लेते हुए पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से सरकारी काम कराने के बदले आरोपी कर्मचारी ने 40 हजार रुपये की मांग की थी। परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में एसीबी की टीम समाधान शिविर में पहुंची और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से शिविर में हड़कंप मच गया।

एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।

इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है और सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Share this
READ MORE  रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन,छेरा पहरा की निभाई रस्म