

कोरबा। जिले में किसान से पैसे लेते हुए एक पटवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को निलंबित कर दिया है।
मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के का है। जानकारी के अनुसार पिपरिया और सिर्री हल्के के पटवारी विनोद अग्रवाल ने जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपये और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

बताया जा रहा है कि काम करवाने के लिए परेशान किसान ने मजबूरी में पटवारी को रिश्वत दी, लेकिन साथ ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। वायरल वीडियो में पटवारी टेबल के नीचे नोट गिनता दिखाई दे रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने तत्काल प्रभाव से पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं ग्रामीणों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
