सीएम पद छोड़ने के बाद सिद्धारमैया का बड़ा बयान, राज्यसभा जाने से किया इनकार

Share this

 

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने गुरुवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा सीट की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है और वह राज्य की राजनीति में ही सक्रिय रहना चाहते हैं।

सिद्धारमैया ने कहा कि विधायक के रूप में उनका कार्यकाल अभी दो वर्ष शेष है और वह जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान विरोधी ताकतों के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन को पारदर्शी बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी धन-संपत्ति के पीछे राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा, “मेरा राजनीतिक जीवन एक खुली किताब की तरह रहा है। मैंने हमेशा सिद्धांतों और जनता के हितों को प्राथमिकता दी है।”

उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री का फैसला कांग्रेस विधायक दल और पार्टी हाईकमान मिलकर करेंगे।

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार, गृह मंत्री जी. परमेश्वर समेत कई विधायक मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन भी किया।

सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई झूठी कहानियां फैलाई गईं, लेकिन उन्होंने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के दायरे में रहकर राजनीति की है।

Share this
READ MORE  अखिल भारतीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में देशभर से आए बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां