पीएम आवास के लिए लॉटरी से 10 लोगों का खुला भाग्य

Share this

 

० निष्पक्ष प्रक्रिया से आवास आवंटन, महापौर ने सौंपे अलॉटमेंट

० किराये पर दिया तो होगी कार्रवाई, केवल पात्र हितग्राही ही रहेंगे आवास में

दुर्ग। नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित आवासों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से लगातार किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र के सरस्वती नगर, मां कर्मा बोरसी एवं गोकुल नगर में एएचपी घटक के तहत निर्मित आकर्षक एवं किफायती आवास शहरवासियों के लिए बेहतर आवासीय विकल्प बन रहे हैं, जिसके चलते हितग्राहियों द्वारा लगातार आवेदन किए जा रहे हैं।

निगम प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह प्राप्त आवेदनों के आधार पर लॉटरी के माध्यम से निष्पक्ष तरीके से आवासों का आवंटन किया जा रहा है। इसी क्रम में गोकुल नगर में 1, सरस्वती नगर में 5 एवं मां कर्मा बोरसी में 4 आवासों हेतु कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया।

महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, लीना दिनेश देवांगन, शशि साहू, रंजीता पाटिल एवं सहायक अभियंता संजय ठाकुर की उपस्थिति में लॉटरी प्रक्रिया से हितग्राहियों को आवास आवंटित किए।

हितग्राहियों को आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। लॉटरी प्रक्रिया में प्रत्येक हितग्राही ने स्वयं पर्ची निकालकर अपने आवास का चयन किया। निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि सम्पूर्ण राशि जमा करने के पश्चात हितग्राहियों को आधिपत्य पत्र प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों में केवल पात्र हितग्राही ही निवास करेंगे। यदि कोई हितग्राही आवास को किराये पर देता पाया गया, तो नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।

READ MORE  बिलासपुर रेल हादसा : लोको पायलट की गलती से हुई 12 रेल यात्रियों की मौत, जांच जारी
Share this