

नई दिल्ली। उद्योगपति अनिल अग्रवाल की अगुवाई वाले वेदांता ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने समूह से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और विदेशी निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी मुद्रा नियमों और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेन-देन में कहीं किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं हुई।

वेदांता ग्रुप देश की प्रमुख खनन और धातु कंपनियों में शामिल है। कंपनी एल्यूमीनियम, जिंक, कॉपर, तेल और गैस समेत कई क्षेत्रों में कारोबार करती है। भारत के अलावा समूह की कारोबारी गतिविधियां कई देशों में फैली हुई हैं।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और एजेंसी की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित उल्लंघन की प्रकृति क्या है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
