
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत मध्य क्षेत्र के लोगों को अभी भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है।

बिलासपुर रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में बादल छाएंगे, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि गर्मी से पूरी राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में झमाझम बरसे बादल
प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ सहित अन्य इलाकों में भी बारिश से मौसम सुहाना हो गया।
मानसून की रफ्तार बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है और बस्तर क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां सक्रिय हैं। मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है।
चक्रवाती परिसंचरण का असर, अगले 5 दिन सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
