

दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के कोयले के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक कारोबारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 15.530 टन कोयला जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट के पास एक गोदाम में अवैध रूप से कोयला स्टोर कर उसकी खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में कोयला बरामद हुआ।

जांच में फर्जी निकला GST बिल
गोदाम संचालक विजय केसरवानी से जब कोयले के दस्तावेज मांगे गए तो उसने खरीद-बिक्री से संबंधित जीएसटी बिल प्रस्तुत किया। हालांकि दस्तावेजों की जांच में बिल फर्जी पाया गया, जिसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया।
रेलवे और BSP से चोरी का कोयला खरीदने का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी विजय केसरवानी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से चोरी किए गए कोयले की खरीद कर उसे बाजार में बेचता था। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार करने में राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा उसकी मदद करते थे।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने विजय केसरवानी, राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के कोयले का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
