आदिनाथ मंदिर दुर्ग में 5 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, पूरे देश से आएंगे जैन समाज के हजारों श्रद्धालु, साधु साध्वियों का कल दुर्ग में मंगल प्रवेश, 17 को निकालेंगे भव्य शोभा यात्रा

Share this

 

दुर्ग न्यूज, 11 फरवरी। शहर के गांधी चौक सदर बाजार स्थित परमात्मा आदिनाथ जी का प्राचीन जैन मंदिर जीर्णोद्धार के बाद अब नए स्वरूप में आ गया है। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया है। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ और श्री सुविहित प्रतिष्ठा महोत्सव समिति द्वारा 12 से 19 फरवरी के बीच आठ दिवसीय अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। मंदिर जीर्णोद्धार की प्रेरणा देने वाले आचार्य श्री जिन मणिप्रभु सूरीश्वर जी म.सा. के सानिध्य में परमात्मा आदिनाथ जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस समारोह में श्री जिन पीयूष सागर सूरीश्वर सागर , गणाधीश श्री विनय कुशल मुनिजी के अलावा 50 से अधिक साधु-साध्वी शामिल होंगे। परमात्मा आदिनाथ जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए जैन समाज की सभी धार्मिक प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा समारोह 18 फरवरी को गांधी चौक सदर बाजार स्थित मंदिर में होगा। शेष धार्मिक कार्यक्रम अमर हाईट्स नदी रोड, गंजपारा में होंगे। अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव में देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। जिसे देखते हुए अमर हाईट्स नदी रोड में कार्यक्रम के लिए राजस्थान के कारीगरों द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। जहां एक साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालु बैठकर आचार्य श्री के प्रवचन व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह जानकारी श्री सुविहित प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के योजना व
प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य कांतिलाल बोथरा ने मीडिया से चर्चा में दी। इस दौरान मंदिर प्रतिष्ठा समिति के महामंत्री पदम बरड़िया, कार्यालय प्रभारी अमृत लोढ़ा, संयोजक नरेंद्र चोपड़ा, प्रचार प्रसार प्रभारी दीपक चोपड़ा, श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ अध्यक्ष महेंद्र दुग्गड़, वरिष्ठ सदस्य ज्ञानचंद कोठारी, राजेश मारोटी, प्रवीण लोढ़ा, गौतम कोठारी, राजेश बुरड़, चुन्नीलाल दुग्गड, प्रकाश गोलछा, संतोष लोढ़ा के साथ ही अन्य सदस्य मौजूद थे।
श्री बोथरा ने बताया कि महोत्सव
के लिए आचार्य श्री जिन मणिप्रभु सूरीश्वर जी, पीयूष सागर सूरीश्वर जी,गणाधीश श्री विनय कुशल मुनिजी के अलावा अन्य साधु साध्वियो का 12 फरवरी को दुर्ग में मंगल प्रवेश होगा। वे जयपुर से 13 सौ किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पहुंच रहे हैं। गुरु संत गाजे-बाजे के साथ शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए गांधी चौक सदर बाजार मंदिर पहुंचेंगे। 17 फरवरी को वरघोड़ा निकाला जाएगा। यह वरघोड़ा (शोभायात्रा) पूरे शहर का भ्रमण करेगी। 18 फरवरी को परमात्मा आदिनाथ जी की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा। 14 से 18 फरवरी तक पंचालिका महोत्सव आयोजित है। प्रतिदिन दोपहर में गुरु संत प्रवचन से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। रात्रि में धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए है। जिसका संचालन प्रसिद्ध संगीतकार नरेंद्रवाणी गोता करेंगे। श्री बोथरा ने बताया कि महोत्सव की भव्य तैयारियां की गई है। व्यवस्थाओं के लिए अलग अलग समिति बनाकर सदस्यों को दायित्व सौंपे गए हैं।

Share this
READ MORE  सेक्टर 9 हनुमान मंदिर में सुबह 4 बजे चंद्राकर परिवार की पहली आरती, चंद्राकर परिवार के हैं कुलदेवता, जानें मंदिर का संपूर्ण इतिहास