

दुर्ग न्यूज, 8 सितंबर। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने आज चिकित्सा अधिकारी जेपी मेश्राम व उनके अधीनस्थ कार्यरत नोडल अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा की। जिला अस्पताल वर्तमान में एक क्षेत्रीय केन्द्र के रूप में कार्य कर रहा है, जिसमें जिले के अलावा दूसरे जिले से भी शनमरीज इलाज कराने आते हैं। उनकी सुविधाओं का ध्यान रखते हुए जिला अस्पताल का जीर्णोद्धार किया जाएगा। अस्पताल आधुनिक मशीनरी के साथ लैस रहेगा। यहां वह सब सुविधा दी जाएगी जो एक निजी व बड़े अस्पतालों में उपलब्ध रहती हैं। समीक्षा के दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल के विस्तार करने के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल को निजी अस्पताल की तर्ज पर आधुनिकीकरण करने कहा। इसके लिए उन्होंने 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की। अस्पताल की सुविधा बढ़ाने के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। जिसमें सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में 2 डॉक्टर, जिला अस्पताल में 13 डॉक्टर एवं मेडिकल ऑफिसर तथा धमधा स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में 4 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। अस्पताल के प्रांगण में हरा-भरा गार्डन बनाया जाएगा तथा मरीजों के संबंधियों को बैठने के लिए शेड व बरामदे का निर्माण किया जाएगा।

डिप्टी कलेक्टर करेंगे रोजाना अस्पताल का निरीक्षण
कलेक्टर ने विभिन्न डिप्टी कलेक्टर्स को जिला अस्पताल का दिन और रात की पाली में निरीक्षण करने कहा है। अस्पताल निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या कमी दिखे तो तुरंत कार्यवाही कर सुधार कराया जा सके।
