Big News: पूर्व सीएम रमन सिंह होंगे स्पीकर, छत्तीसगढ़ को मिले दो डिप्टी CM, राज्यपाल से मिले विष्णुदेव साय

Share this

दुर्ग न्यूज़, 10 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए गए हैं। अरुण साव और विजय शर्मा छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह को विधानसभा का स्पीकर बनाया जाएगा। बता दें कि रायपुर में रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई थी। इस बैठक में विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाने के बाद साय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

 

पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में रविवार को पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री साय सरगुजा संभाग की कुनकुरी सीट से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए हैं, जहां भाजपा ने संभाग के सभी 14 सीट जीती हैं।

 

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद साय ने संवाददाताओं से कहा, “एक मुख्यमंत्री के रूप में, मैं सरकार के माध्यम से मोदी की गारंटी (भाजपा के चुनाव पूर्व वादे) को पूरा करने का प्रयास करूंगा।” उन्होंने कहा कि राज्य में (प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत) 18 लाख घरों को मंजूरी उनकी सरकार का पहला काम होगा। चुनाव में जाने के दौरान भाजपा ने किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने और महिलाओं को प्रति वर्ष 12 हजार रुपए देने समेत कई वादे किए हैं।

READ MORE  दो  DSP रायपुर से हटाए गए, SSP ने राजधानी के 2 थाना प्रभारियों समेत 6 अफसरों  को बदला | ्Raipur Police Transfer Station in-charge and DSP changed SSP Prashant Aggarwal issued the order

 

भाजपा नेताओं ने बताया कि भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री और चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी मौजूद थे।

 

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साय का स्वागत किया। हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

Share this