
बालोद34 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

बालोद शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। यहां यातायात प्रभारी दिलेश्वर चंद्रवंशी खुद शहर की सड़कों पर अपनी टीम के साथ उतरे और रोड किनारे दुकान लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों को समझाया। उन्होंने फुटकर व्यवसायियों से सड़क किनारे दुकान लगाने से मना किया है और कहा है कि इससे यातायात व्यवस्था बिगड़ती है और लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वे व्यवसाय के साथ-साथ यातायात में सुधार की दिशा में भी काम करें।

बालोद जिला पुलिस द्वारा यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह के साथ ही शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जांच करवाई। यातायात निरीक्षक ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। हेलमेट रैली निकालकर भी लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटकर व्यवसायियों को नोटिस भी जारी किया गया है।

सड़क किनारे से दुकानों को हटाया गया।
सामानों को कराया गया अंदर
यातायात निरीक्षक ने यहां सड़क पर मार्किंग कराई और बाहर रखे गए सामानों को मार्किंग के अंदर रखवाया गया। यातायात निरीक्षक ने कहा कि यहां शहर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे कि घड़ी चौक, हलधर नाथ, योगी चौक, राजहरा चौक ऐसी जगहें हैं, जहां पर यातायात का दबाव रहता है, जिस कारण अगर फुटकर दुकानदार सड़क को अतिक्रमण कर दुकानें लगाते हैं, तो यातायात व्यवस्था चरमराती है।
