दुर्ग न्यूज़, 30 दिसंबर। छत्तीसगढ़ को दूसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मिलने वाला है। प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर में दूसरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। इसके लिए स्टेट क्रिकेट संघ के प्रस्ताव को BCCI ने मंजूरी दे दी है। स्टेडियम के लिए जगह तलाशने के निर्देश क्रिकेट संघ को दिए गए हैं। खास बात यह है कि प्रदेश में BCCI का यह पहला स्टेडियम होगा।
मैदान और उसके पवेलियन व अन्य सुविधाओं के लिए 15 से 20 एकड़ जमीन या उससे ज्यादा जमीन की जरूरत होगी ताकि इसमें स्टेट लेबल, रणजी लेवल, टी-20 और टेस्ट मैच हो सकें। मैदान की बाउंड्री 80 से 85 मीटर तक होगी। मैच फॉर्मेट के साथ मैदान की बाउंड्री को छोटा-बड़ा किया जाएगा, जैसे कि एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सुविधा रहती है। फिलहाल जिला प्रशासन ने 10 से 15 किलोमीटर के भीतर जमीन खोजने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। जमीन मिलने के बाद स्टेडियम का निर्माण और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
