एसयूवी को ट्रेलर ने मारी ठोकर, उडे़ परखच्चे, नेशनल हाईवे एक घंटे रहा जाम

Share this


🟦 दुर्घटना बाद खंभे से जा टकराया ट्रैलर, ड्रायवर फरार
दुर्ग न्यूज,  15 जनवरी। भिलाई में नेशनल हाईवे क्रमांक 53 के किनारे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पहले एक एसयूवी कार को टक्कर मारी फिर से पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि एसयूवी के सामने के परखच्चे उड़ गए। वहीं पोल से टकराने से हाईवे की सर्विस रोड जाम हो गई। इस दुर्घटना में एसयूवी चालक को मामूली चोटें आई हैं। गाड़ी बजरंग वाहिनी दल छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष की थी।
छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चरोदा निवासी हर्षपाल सिंह अपने एसयूवी सीजी 02-7205 से नागपुर जा रहे थे। उनकी गाड़ी भी काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही वो साक्षरता चौक सुपेला के पास पहुंचे सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर एमएच 40 एके 3057 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी गाडी़ को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एसयूवी बुरी तरह डैमेज हो गई है। ड्राइवर कार के भीतर ही फंसा रहा। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए भागे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और उसके बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और वहां लगी भीड़ और वाहनों को हटवाया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वहां से भागना चाह रहा था। मौके से भागने के चक्कर में उसका ट्रेलर खंभे से जा टकराया। चालक वाहन छोड़ वहां से भाग गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया और चालक की तलाश कर रही है। जिस जगह दुर्घटना हुई है वहां फ्लाई ओवर निर्माण हो रहा है। इसके बाद यहां एसयूवी और ट्रेलर की टक्कर से जाम की स्थिति हो गई। दोनों तरफ काफी वाहन खड़े हो गए। जाम बढ़ता देख छावनी और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने वाहनों को किनारे से निकलवाकर जाम को खुलवाया। करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम लगा रहा।

Share this
READ MORE  निधन - श्रीमती प्रवेश चावला