दुर्ग न्यूज, 13 अगस्त। प्रदेश शतरंज संघ के सहयोग से जिला शतरंज संघ दुर्ग एवं अग्रवाल जनकल्याण समिति व अग्रवाल महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन सेक्टर 6 भिलाई स्थित अग्रसेन भवन में 21 से 24 अगस्त तक होगा।
प्रदेश शतरंज संघ के सचिव हेमंत खूंटे एवं जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि उक्त चैंपियनशिप अंतरराष्ट्रीय नियमों के आधार पर स्विस लीग पद्धति से 7 चक्रों में खेली जाएगी। चैंपियनशिप में चारों आयु वर्ग के 4-4 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया जाएगा। स्पर्धा में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अगस्त को शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
चैंपियनशिप में सभी आयु वर्गों के चयनित खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं समस्त भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मेडल व ई सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। चैंपियनशिप में प्रवेश हेतु खिलाड़ी राज्य शतरंज संघ के सचिव हेमंत खूंटे, फिडे आर्बिटर रॉकी देवांगन व आरसी अग्रवाल, एसके भगत एवं ईश्वर सिंह राजपूत से संपर्क कर सकते हैं।
