
दुर्ग न्यूज़, 28 मार्च। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक में नकली दूध और पनीर बनाने का प्रोसेंसिंग यूनिट जब्त किया गया है। यहां खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़े पैमाने पर नकली दूध, पनीर, दूध पाउडर, यूरिया, कैमिकल और आयल जब्त किया है। खाद्य अधिकारी का कहना है कि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के फूड सेफ्टी अधिकारी क्षीर सागर पटेल ने बताया कि उन्हें बुधवार रात सूचना मिली थी कि पाटन के देमार गांव में नकली दूध और पनीर बनाया जा रहा है। उन्होंने पाटन पुलिस की मदद से देर रात छापेमारी की। इसके बाद टीम आज सुबह 11 बजे तक यहां कार्रवाई करती रही। कार्रवाई के दौरान पाटन के नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल ले लिया है। सैंपल फेल हुआ तो यूनिट संचालक के खिलाफ नियम अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

