दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में आज-कल बरसेंगे बादल

Share this

दुर्ग न्यूज़, 8 अप्रैल। पश्चिमी विक्षोभ के कारण छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने दो दिन के लिए ऑरेज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में तेज अंधड़ चलने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। कोरबा में सुबह से ही तेज हवा चल रही थी। हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में मौसम बदला रहेगा। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी भी चल सकती है। प्रदेश में अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट होगी। रायपुर और आसपास के जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। दुर्ग, रायपुर में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। तेज हवाएं चल रही हैं, इसके साथ बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र के जिलों में ओले गिरने की संभावना है। इनमें रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी, बेमेतरा जिले में आज ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में अगले चार दिन मौसम बदला रहेगा। 9 और 10 अप्रैल को मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक दो स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम बदलने के कारण अगले 4 दिनों तक प्रदेश का तापमान कम रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Share this
READ MORE  बलौदाबाजार हिंसा मामला: कांग्रेस ने NSUI नेता सूर्यकांत वर्मा की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक षडयंत्र,पुलिस पर भी लगाए आरोप