
दुर्ग न्यूज़ (बिलासपुर), 10 अप्रैल। रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बिलासपुर में करीब 100 करोड़ रूपए की ठगी का मामला सामने आया है। इतने बड़े फ्रॉड की रकम सुनकर ही बिलासपुर पुलिस सकते में है। अब न्यायधानी में इस पूरे फ्रॉड की जबरदस्त चर्चा है।

दरअसल 3 साल पहले बिलासपुर के राधिका विहार में निदान माइक्रो फाउंडेशन के नाम से एक संस्था खुली। संस्था के प्रमुख मानस रंजन मिश्रा व प्रभा मिश्रा इसका संचालन करते थे। इनके झांसे में आकर डबल रिटर्न के लालच में लोगों ने यहां खूब इन्वेस्टमेंट किया, लेकिन अब ये फरार हो चुके हैं और पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
बिलासपुर पुलिस ने उक्त डायरेक्टर दम्पत्ति समेत अन्य के खिलाफ सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर लिया है। संस्था में काम करने वाले कर्मचारी वीरेंद्र मसीह ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां कई बड़े कारोबारियों के साथ-साथ कई सरकारी कर्मचारियों ने भी पैसे डबल करने के लालच में पैसा लगाया है। मामले में करीब सौ करोड़ की धोखाधड़ी करने की आशंका है।

