
दुर्ग न्यूज़, 11 अप्रैल। आज भिलाई दुर्ग के शराब कारोबारियों एवं पूर्व मुख्यमंत्री के करीबियों के घर एसीबी ने छापा मारा है। एंटी करप्शन ब्यूरो की अलग-अलग टीमों ने आज सुबह नेहरू नगर के बड़े शराब कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी है। करीब दो दर्जन गाड़ियों में जांच अधिकारी पहुंचे हुए हैं। इसे शराब घोटाले से जुड़ी छापेमारी बताया गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में दो दर्जन से ज्यादा अफसर आज सुबह-सुबह शराब कारोबारी पप्पू ढिल्लन के निवास नेहरू नगर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी विजय भाटिया के नेहरू नगर निवास एवं न्यू खुर्सीपार निवासी पप्पू बंसल के घर पर छापा मारा है। अधिकारी शराब घोटाले से संबंधित दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।
खबर यह भी है कि एसीबी की रेड की जानकारी लीक हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि पप्पू बंसल कल रात 9 बजे तक भिलाई में था। इसके बाद अचानक वो लापता हो गया। जब एसीबी की टीम छापेमारी करने पहुंची तो वो घर पर नहीं मिला। वहीं विजय भाटिया छापेमारी के दौरान घर पर मौजूद है।

