दुर्ग न्यूज़, 4 मई। आईपीएल सट्टे पर अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही रायपुर पुलिस ने की है। पुणे (महाराष्ट्र) से 26 सटोरियों को गिरफ्तार किया है।थाना गंज में धारा 4(क) जुआ एक्ट एवं छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के प्रकरण में एण्टी क्राइम एण्ड सायबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गोवा के एमवीआर होम्स स्थित एक फ्लैट में रेड मारकर फ्लैट से 8 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लैपटॉप, एक कैमरा, एक कैलकुलेटर, 27 मोबाइल फोन (जिसमें 7 नग की-पेड मोबाईल फोन डब्बा पैक है), एक राउटर एवं लिंक कनेक्टर जुमला कीमती लगभग 10 लाख रूपये तथा 11 नग एटीएम कार्ड एवं एक चेक बुक जब्त कर सटोरियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई थी।
गिरफ्तार सटोरियों सेे पूछताछ एवं विवेचना क्रम में पाया गया कि उनके अन्य साथी महाराष्ट्र के पुणे में बैठकर महादेव एप पैनल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे हैं।
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट रायपुर की टीम थाना माना के एक प्रकरण में आरोपी पतासाजी हेतु पूर्व से महाराष्ट्र में उपस्थित थी। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पूर्व से उपस्थित टीम की सहायता हेतु एक अन्य टीम का गठन कर पुणे महाराष्ट्र रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा पुणे पहुंच कर सटोरियों की पतासाजी करते हुए सटोरियों को लोकेट किया गया जो कि पुणे के भारती विद्यापीठ क्षेत्र के कृष्णा पिकुंज एवं राजदीप अपार्टमेंट स्थित दो अलग – अलग फ्लैट में रहकर सट्टा खिला रहे थे। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट टीम के सदस्यों द्वारा लगातार 7 दिनों तक उक्त जगहों पर दूधवाला, सब्जी वाला, पेपर वाला बनकर रेकी की गई तथा प्रत्येक व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई गई तथा पूरे लोगों की उपस्थित होते ही दोनों स्थानों पर एक साथ रेड किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान दोनों फ्लैट में कुल 26 व्यक्ति उपस्थित थे, जो लैपटॉप, मोबाईल फोन व अन्य के माध्यमों से सेटअप तैयार कर ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे थे।
सटोरियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान रेड्डी 67, महादेव 149 एवं लेजर 10 आईडी पैनल के माध्यम से ऑन लाइन सट्टा का संचालन स्वीकार करने के साथ ही पप्पू जेठवानी जो थाना पुरानी बस्ती रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है, को इस व्यवसाय में संलिप्त होना तथा साथ में मिलकर सट्टा संचालित करना बताया गया। रायपुर निवासी नवीन वैद्य, कोरबा निवासी पिंटू एवं चांपा निवासी नयन तीनों मुरली से जुड़े हुए हैं तथा इसी से आईडी लेते है। मुरली एवं पिंटू के दुबई में होने की संभावना है।
सभी 26 सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप 11 नग, मोबाइल फोन 98 नग, वाईफाई 2 नग, रजिस्टर 3 नग, पास बुक 30 नग, चेक बुक 9 नग, एटीएम 81 नग तथा सिम कार्ड 50 नग जुमला कीमती लगभग 25 लाख रूपये जब्त किया गया है। सटोरियों के पास से जब्त लैपटॉप एवं मोबाईल फोन में लगभग 30 करोड़ रूपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी प्राप्त हुई है तथा 1,000 से अधिक प्लेयर की जानकारी भी इनके द्वारा दी गई है। जिनके आंकड़े व जानकारी जुटाई जा रही है।
सटोरियों के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 184/24 धारा 4(क) जुआ एक्ट एवं छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण में धारा 420, 120बी भादवि. एवं भारतीय तार अधिनियम की धारा 25सी एवं आई.टी. एक्ट की धारा 66सी जोड़ी जाकर विवेचना की जा रहीं है। गिरफ्तार आरोपियों में 22 छत्तीसगढ (रायपुर-7, दुर्ग-6, राजनांदगांव-3, जांजगीर-चांपा -2, कोरबा-2, सूरजपुर-1 एवं मानपुर मोहला-1) 3 मध्य-प्रदेश एवं 1 उत्तर प्रदेश निवासी है।
