
दुर्ग न्यूज़, 1 जून। लोकसभा चुनाव के सातवें यानी आखिरी चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। 4 जून को मतगणना होगी। इस चरण में आज बिहार, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में वोटिंग चल रही है। इस चरण के मतदान के साथ ही 19 अप्रैल से शुरू हुए चुनाव के सभी चरणों का मतदान पूर्ण हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने कहा, चुनाव केंद्र पर भारी उत्साह है। ये उत्साह दिखाता है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लोग फिर एक बार अच्छी सरकार को चुनने के लिए वोट कर रहे हैं। मोदी सरकार के काम सिर चढ़कर बोलते हैं।
हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर के पिता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा, लोकतंत्र का महापर्व है। मेरी सभी से अपील है कि मतदान करें। निश्चित तौर पर हिमाचल में 4 की 4 लोकसभा सीटें भाजपा जीतने जा रही है और बड़े बहुमत के साथ जीतने जा रही है। विधानसभा उपचुनाव की 6 की 6 सीटें भी भाजपा जीत रही है।

पटियाला सीट से कांग्रेस उम्मीदवार धर्मवीर गांधी ने डाला वोट
गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रवि किशन ने कहा, मैंने विकसित भारत के लिए मतदान किया है। रामराज्य को बरकरार रखने के लिए वोट किया है। ये भारत कभी झुकेगा नहीं उसके लिए वोट किया है।
दक्षिण कोलकाता लोकसभा सीट से CPI(M) उम्मीदवार सायरा शाह हलीम ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी यहां हिंसा को बढ़ावा दे रही है। जनता इसका जवाब देगी।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी मतदान किया। उनके साथ राबड़ी देवी और उनकी बेटी और सारण लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य ने अपना वोट पटना के एक मतदान केंद्र पर डाला।
