
दंतेवाड़ा2 घंटे पहले

- कॉपी लिंक

छ्त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंद्रावती नदी के किनारे स्थित एक गांव में कलेक्टर ने जन चौपाल लगाई। इस जन चौपाल में नदी पार गांव के ग्रामीणों की समस्या सुनी। गांव वालों ने रोजगार, आधार कार्ड, सड़क बनाने समेत विभिन्न मांगे कलेक्टर के सामने रखी। जिसपर कलेक्टर विनीत नंदनवार ने मांग पूरी करने का भरोसा दिलाया। साथ ही अफसरों से नदी पार किए जा रहे कामों की रिपोर्ट भी मांगी।

दरअसल, कलेक्टर विनीत नंदनवार ने इंद्रावती नदी किनारे बसे जिले के छिंदनार गांव में महुआ पेड़ के नीचे जन चौपाल लगाई। कलेक्टर की इस जन चौपाल में नदी पार में चेरपाल, तुमरीगुंडा, पाहुरनार, कौरगांव के सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों के बीच पहुंच कर कलकेटर ने सरकार की योजनाओं से अवगत करवाया। साथ ही लोगों तक आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की बात कही।

कलेक्टर विनीत नंदनवार ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं की क्रियान्वयन और राशन, पेंशन, पेयजल, बिजली जैसे अन्य मूलभूत सुविधाओं की लोगों तक पहुंच की जानकारी ली। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा भुगतान राशि के सबंध में भी पूछा। शिविर में पहुंच कर कलेक्टर लोगों की समस्याओं से प्रत्यक्ष रूप से रूबरू हुए। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांगो और समस्याओं को ध्यान से सुनकर त्वरित निराकरण करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने गांव में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा के तहत रोजगारमूलक कार्य करने की बात कही। गांवों में ग्रामीणों को विभाग की योजनाओं से भी अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना के मोबाइल मेडिकल युनिट अब अंदरुनी क्षेत्रों के हाट-बाजारों में लगने शुरू हो गए हैं। जहां निशुल्क जांच, उपचार और दवाइयों की सुविधा ग्रामीणों को मिलने लगी है।
