गुस्साए ग्रामीणों ने 4 घंटे तक NH-49 किया जाम, प्रशासन की समझाइश के बाद खोला गया | Angry villagers blocked NH-49 for 4 hours, opened after administration’s advice

Share this

रायगढ़एक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक को पकड़ने और परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 49 पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि, करीब 4 घंटे तक जाम रहने के बाद शाम के मार्ग खुल गया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार की शाम ग्राम कुनकुनी के वेदांता कोल साइडिंग के सामने अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार चार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवक जिनमें यशवंत पटेल (30), हरीश पटेल (35), राकेश पटेल (42) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक तुलेश्वर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद इलाके के ग्रामीणों का जमकर गुस्सा फूटा। गुरुवार को भारी संख्या में गांव के ग्रामीण NH पर पहुंच चक्काजाम कर दिए।

वाहनों की लगी रही लंबी कतार

इस मार्ग में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग रही। साथ ही क्षेत्र में स्थापित कंपनियों में कोयला परिवहन भी पूरी तरह ठप रहा। वहीं मामले की जानकारी लगते ही खरसिया पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई। करीब चार घंटे बाद मृतक के परिजनों को 25-25 हजार रुपए मुआवजा राशि दी गई। जिसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ। फिलहाल वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

पहले भी हुए हैं हादसे

खरसिया विधानसभा क्षेत्र में एक के बाद एक बड़े उद्योग यहां स्थापित हो रहे। जिस वजह से इस मार्ग में भारी वाहनों की संख्या भी पहले की अपेक्षा अधिक हो गई है। यही वजह है कि, पिछले कुछ समय से एनएच 49 में हादसों का ग्राफ बढ़ चुका है। भारी वाहनों की चपेट में आकर अब तक कई मौतें हुईं हैं।

खबरें और भी हैं…

Share this
READ MORE  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले को दी 173 करोड़ से अधिक विकास कार्यो की सौगात..