


राजधानी में करोड़ों की 928 किलो चांदी का जखीरा जब्त, एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट टीम की कार्रवाई
रायपुर। नवरात्र पर्व एवं अपराध की रोकथाम हेतु सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. संतोष सिंह के निर्देशानुसार जिला रायपुर के समस्त थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों सहित संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है।

इसी तारतम्य मे सोमवार को थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अशोक ले-लैण्ड वाहन क्रमांक सी जी/04/पी व्ही/9088 को चेक करने हेतु रोकवाया गया, वाहन में एक व्यक्ति सवार था, जिसने पूछताछ में अपना नाम सन्नी कुमार सिंह (37) निवासी डीडी नगर रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा वाहन को चेक करने पर वाहन में अलग-अलग कुल 51 कार्टूनों में चांदी कुल वजनी लगभग 928 किलोग्राम होना पाया गया। टीम के सदस्यों द्वारा चांदी के संबंध में पूछताछ करने व वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा पेश किये गये दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाये गये। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा उक्त के संबंध में जीएसटी विभाग को सूचना दी गई। जिस पर जीएसटी की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर चांदी कुल वजनी लगभग 928 किलोग्राम जब्त करते हुए प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
संदिग्ध व्यक्ति – सन्नी कुमार सिंह पिता वीरेन्द्र सिंह 37 साल निवासी डी.डी.नगर रायपुर।
