
भिलाई21 घंटे पहले

- कॉपी लिंक

एसपी ने अभियान में बेहतर काम करने वाली टीम को प्रमाण पत्र दिया।
छावनी सर्किल में वर्ष 2011 से 2023 के बीच अलग-अलग कारणों से घर छोड़कर जाने वाले 104 लोगों को 20 दिनों में खोज निकाला है। इसके बाद सभी को उनके परिजन को सौंप दिया है। आईपीएस प्रभात कुमार ने 1 जनवरी से अभियान मिलन की शुरुआत की और 14 पुलिसकर्मियों की टीम को घर से गायब लोगों की तलाश में लगा दिया।

टीम ने जिले से अलग-अलग इलाकों से 62, राज्य के दूसरे जिलों से 20 और दूसरे राज्यों से 22 लोगों को खोज निकाला है। दस्तयाबी में 36 पुरुष और 68 महिलाएं शामिल हैं। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि घर छोड़कर जाने वालों का कारण पता लगाया जा रहा है। एक स्टडी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिससे घर से भागने वालों के मिलने के बाद उनकी और उनके परिजन की काउंसलिंग कराई जा सके। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम में एक नया सेंटर खोला जाएगा।
घर छोड़ने वालों में 25 से 60 उम्र वाले ज्यादा
पुलिस के मुताबिक घर छोड़कर जाने वालों में सबसे ज्यादा संख्या 18-25 वर्ष के युवकों की है। इनकी संख्या 42 है। 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों में सिर्फ 3 लोग शामिल हैं। जबकि 25 से 60 वर्षो वालों की संख्या 47 है। घर छोड़कर जाने वालों में 36 पुरुष और 68 महिलाएं हैं।
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि मानसिक हालत ठीक नहीं होने, स्ट्रैस और बेरोजगारी की वजह के साथ पारिवारिक कारणों के चलते नवविवाहिता और युवक घर छोड़कर चले गए थे। जिन लोगों को दस्तयाब किया गया है उनमें वर्ष 2011 से 2023 तक के लोग शामिल हैं। एसपी ने 104 लोगों को खोज निकालने वाली टीम को प्रमाण पत्र भी दिया है। बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि परिवारों को राहत मिले।
गुमशुदा को ढूंढने में खुर्सीपार पुलिस आगे
एसपी के मुताबिक आईपीएस ने पांच थाने छावनी,जामु ल,खुर्सीपा र,कुम्हारी और भिलाई तीन थाने से 14 पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई। टीम में अब्दुल अफजल खान, रवि कुमार यादव, छत्रपाल सिंह, अजय सिंह, अखिलेश मिश्रा, कुलेश्वर चंद्राकर, संगीता, विनोद सातपुते, सतीष साहू, सुभाषचंद्र, दुर्गेश वर्मा, राजेश चंदौल, भागवत वर्मा और अभय राय को शामिल किया गया।
इसके बाद सभी ने गुम इंसान की केस डायरी के जरिए लोगों को खोजना शुरु किया। छावनी पुलिस ने 27, जामुल ने 23, कुम्हारी ने 11, भिलाई तीन ने 12 और सबसे ज्यादा खुर्सीपार पुलिस ने 31 लोगों को 20 दिन में खोज निकाला है। एसपी ने बताया कि घर से भागने वालों के मिलने के बाद उनकी काउंसिलिंग के लिए जल्द नया सेंटर शुरू किया जाएगा।
