ACB ने स्वास्थ्य विभाग के एकाउंटेंट और पटवारी को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

अंबिकापुर। एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम ने सरगुजा और सूरजपुर जिले में रिश्वतखोरी के आरोप पर स्वास्थ्य विभाग के लेखापाल व संगठक तथा सूरजपुर जिले में एक पटवारी को गिरफ्तार किया है। सरगुजा जिले के स्वास्थ्य विभाग के दोनों कर्मचारी यात्रा भत्ता देयक भुगतान के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे। वहीं सूरजपुर जिले का पटवारी चौहद्दी बनाने के बदले 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। दोनों ही मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच अभी चल रही है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

गुरुवार दोपहर एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम ने सरगुजा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में छापा मारा। यहां लेखापाल नंदराम पैकरा तथा संगठक कौशलेंद्र पांडेय को 10 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा। इन दोनों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो में लिखित शिकायत की थी। यात्रा भत्ता देयक भुगतान के बदले इन दोनों कर्मचारियों ने रिश्वत की मांग की थी।

गुरुवार को जैसे ही कर्मचारियों ने रिश्वत की रकम दी वैसे ही एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वतखोरी में बराबरी के सहभागी रहे लेखापाल और संगठक को गिरफ्तार कर लिया। उधर सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की दूसरी टीम ने गुरुवार दोपहर डुमरिया हल्का के पटवारी भानु प्रताप सोनी को 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एक भूस्वामी ने पटवारी से चौहद्दी बनाने का आग्रह किया था। इस काम के बदले पटवारी ने रिश्वत मांगी थी। भू स्वामी ने एंटी करप्शन ब्यूरो टीम से शिकायत की थी। जिस पर कार्रवाई की गई।

READ MORE  राज्य सेवा प्रारम्भिक परीक्षा 2025, 10307 परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए थे 25 परीक्षा केन्द्र
Share this