मोहड़ में अवैध रेत खनन रोकने पर फायरिंग, ग्वालियर से एक और आरोपी गिरफ्तार 

Share this

राजनांदगांव। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन को लेकर हुई फायरिंग और मारपीट की गंभीर घटना में पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक और आदतन बदमाश कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर को हिरासत में लिया है, जिसके पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा XUV 300 जब्त की गई है।

अवैध रेत खनन की यह घटना 11 जून को रात 7:30 बजे ग्राम मोहड़ नदी में हुई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, अवैध तरीके से रेत निकालने के लिए रैंप निर्माण के लिए एक जेसीबी चालक मौके पर पहुँचा था। जब कुछ ग्रामीण उसे रोकने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तो एक कार में सवार 7-8 लोगों ने उन पर हमला कर दिया और फायरिंग की। इस रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025, धारा 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट और माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक द्वारा एक संयुक्त टीम गठित की गई। इस टीम में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, थाना प्रभारी घुमका बसंत बघेल, साइबर सेल उप निरीक्षक कैलाश मरई और ओ.पी. चिखली प्रभारी उमेश बघेल शामिल थे।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश (झाँसी), नागपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना जैसे विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी। विवेचना के दौरान, पुलिस ने पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें भगवती निषाद (जेसीबी चालक, उम्र 49 वर्ष, निवासी झोला, दुर्ग), संजय रजक (उम्र 48 वर्ष, निवासी मोहड़, राजनांदगांव),अभिनव तिवारी (उम्र 42 वर्ष, निवासी सोमनी, राजनांदगांव), अतुल सिंह तोमर (उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्वालियर, म.प्र.), जितेंद्र नारौलिया (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्वालियर, म.प्र.),

READ MORE  वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट विनय शर्मा नहीं रहे, 65 की उम्र में ली अंतिम सांस 

अमन सिंह परिहार (उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्वालियर, म.प्र.),अभय सिंह तोमर (उम्र 20 वर्ष, निवासी भिंड/ग्वालियर, म.प्र.),इन सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया था।

आदतन बदमाश कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर गिरफ्तार

प्रकरण की विवेचना के दौरान, फरार आरोपियों की तलाश में गठित टीम ने कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर उर्फ गोलू दनगस (उम्र 24 वर्ष, निवासी डीडी नगर, शताब्दीपुरम, ग्वालियर, म.प्र.) को ग्वालियर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और महिंद्रा XUV 300 (MP 33/C/9084) जब्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

आरोपी कृष्णा उर्फ गोलू गुर्जर आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न धाराएं शामिल हैं।

पुलिस टीम अब भी इस मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों, विशेषकर संजय सिंह बघेल की तलाश कर रही है।

Share this