गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 205 मवेशियों को ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

Share this

बालोद। बालोद पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत 205 मवेशियों को जंगल के रास्ते ले जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गौ-सेवकों से मिली सूचना के बाद की है। सूचना मिलने पर एसडीओपी बालोद और थाना प्रभारी बालोद की टीम ने गौ-सेवकों के साथ चिरईगुड़ी गांव से मुजगहन की ओर जाने वाले नहर किनारे के रास्ते पर घेराबंदी की। यहाँ उन्होंने तीन लोगों को मवेशियों को हाँकते हुए ले जाते पकड़ा। इन मवेशियों में 100 गायें, 40 बछिया, 55 बछड़े और 10 बैल शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन लावारिस मवेशियों को कलंगपुर, फुण्डा और हल्दी गांवों से इकट्ठा कर जंगल के रास्ते कोण्डागांव ले जा रहे थे, ताकि उन्हें ओडिशा में बेचा जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस ने युगल किशोर साहू, 30 वर्ष, ताम्रध्वज साहू, 27 वर्ष और
हरीष कुमार साहू, 20 वर्ष तीनों निवासी कजराबांधा, थाना रनचिरई, जिला बालोद को गिरफ्तार किया है।

सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया है। बालोद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share this
READ MORE  बीएसएनएल सिम बंद, उपभोक्ता लगा रहे दफ्तर के चक्कर