नए कमिश्नर सर्वे ने संभाला पदभार, बरसते पानी में दफ्तरों में घूमकर ली खबर

Share this

दुर्ग। दुर्ग निगम के नए कमिश्नर के रूप में आज प्रकाश कुमार सर्वे ने पदभार ग्रहण किया। प्रभारी आयक्त आशीष देवांगन ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। चार्ज लेने के बाद नवपदस्थ आयुक्त ने बरसते पानी में विभिन्न विभागों का दौरा किया और अधिकारियों कर्मचारियों से रूबरू चर्चा की।

इससे पहले आयुक्त सर्वे ने विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल एवं कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान एमआईसी के प्रभारी अब्दुल गनी व ऋषभ जैन भी मौजूद थे। नए कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने अधिकारियों के साथ दुर्ग में हो रहे निर्माण कार्य जैसे इन्टेक वैल, पुलगॉव डायवर्सन निर्माण, गौठान, पुलगॉव, शंकर नाला, गौरव पथ, जेल रोड, जे0 आर0 डी0 स्कूल, दीपक नगर (आत्मानंद) स्कूल, ठगड़ा बाध, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन योजना, डब्ल्यूटीपी पर विषय चर्चाकर आवश्यक निर्देश दिए। नए नगर निगम कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ मुख्य कार्यालय में स्थित विभागों का भी निरीक्षण किया, जिसमें विभाग अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों को लेकर जानकारी ली गई। विभागों में कार्यों की प्रगति को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने स्थापना शाखा में कर्मचारियों का वेतन ट्रांसफर, उनके ग्रेज्युटी, पेंशन प्रकरण की स्थिति की जानकारी भी ली। नए कमिश्नर ने बाजार विभाग से शहर में निगम की दुकानों और होने वाले आय की जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने राजस्व विभाग के कार्य राशन कार्ड, निराश्रित पेंशन, नामांतरण कार्य, लायसेंस शाखा में दुकानों के लायसेंस की भी जानकारी ली। कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही विभाग को साफ-सुथरा रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी विभागों में भ्रमण कर वहां किए जाने वाले कार्यों की प्रकरणों और फाइलों को लंबित नहीं रखने की हिदायत भी दी। आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वास्थ्य विभाग, कर्मशाला विभाग, जनसंपर्क विभाग, लोककर्म विभाग, लेखा शाखा और जनसूचना विभाग,स्थापना शाखा का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
०००

Share this
READ MORE  विधायक के रिश्तेदार का माल चोरी कर गोवा में पार्टी कर रहे थे आरोपी, दुर्ग पुलिस ने धरदबोचा