नाबालिग से गैंगरेप का मुख्य आरोपी राजू कश्यप उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार 

Share this

दुर्ग। नाबालिग को पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगाने के नाम पर गैंग रेप का मुख्य आरोपी राजू कश्यप उर्फ कृपाशंकर को पकड़ लिया गया है। वह गोरखपुर में रिश्तेदार के घर छुपा था। उसे दुर्ग लाने पुलिस रवाना हो गई है। महिला थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार दो आरोपी अब भी फरार हैं। इनमें से एक आरोपी संजय पंडित की ओर से सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत आवेदन लगाया गया था जो निरस्त हो गया। इसी मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपी अनिल चौधरी की ओर से जमानत आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इस बहुचर्चित मामले का हाई-प्रोफाइल आरोपी भीम नारायण पांडेय अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

बता दें कि इस प्रकरण में पुलिस ने 6 आरोपियों के विरुद्ध नामजद अपराध दर्ज किया है। पूर्व में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। तीसरे आरोपी गोविंद सिंह नागवंशी (62) को राजनांदगांव से पकड़ा गया है। आरोपी पीडब्ल्यूडी का रिटायर्ड कर्मचारी है।

पुलिस के मुताबिक युवती के नाबालिग रहने के समय से बालिग होते तक करीब सात सालों तक वह 6 लोगों के दरिंदगी का शिकार होते रही। उसे पीडब्ल्यूडी में नौकरी लगाने का झांसा देकर सभी लोग दैहिक शोषण करते रहे। इसमें पीडब्ल्यूडी कर्मचारी, ठेकेदार, होटल मैनेजर, सांसद का पूर्व निज सहायक सहित अन्य शामिल हैं। पीड़िता से दुष्कर्म का सिलसिला 2018 से अक्टूबर 2025 तक चला। बताते हैं इस समय तक वह अस्थाई रूप से मस्टररोल पर विभाग में काम कर रही थी। उसे फोटो, वीडियो वायरल करने और नौकरी से निकाल देने की धमकी देकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़िता ने बीते 30 जनवरी को दुर्ग महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने होटल मैनेजर विजय स्वाइन, ठेकेदार अनिल चौधरी, संजय पंडित, भीम नारायण पांडेय, गोविंद सिंह ठाकुर, राजू कश्यप के विरुद्ध नामजद अपराध दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 65 (1) , 70 (2 ) बीएन‌एस और पाक्सो एक्ट के तहत कायमी हुई है।

READ MORE  छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की उपेक्षा का आरोप, संघ ने रखी मांगें 

पुलिस से मिली जानकारी और की ग‌ई शिकायत में बहुत सारे तथ्य सामने आना बाकी है। बताया जा रहा है कि युवती विवाह करने जा रही थी। तब भी उसे परेशान किया जा रहा था। उसने सब कुछ अपने मंगेतर को बताया फिर उसी के हिम्मत देने पर युवती पुलिस तक पहुंची। पुलिस युवती का धारा 164 के तहत बयान भी ले चुकी है। आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर टिकी है।

Share this