सुपेला संडे मार्केट: गदा चौक तक सड़क के दोनों ओर निगम ने फिर हटाए अवैध कब्जे, सामान जब्त

Share this

भिलाई नगर। नगर निगम भिलाई द्वारा रविवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सुपेला चौक से संडे बाजार, गदा चौक तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी बेदखली कार्रवाई की गई। मुख्य मार्ग और फुटपाथ को बाधित करने वाले दुकानदारों और ठेला संचालकों पर कड़ा प्रहार करते हुए निगम की टीम ने भारी मात्रा में सामानों की जब्ती की।

इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और तोड़फोड़ दस्ते की संयुक्त टीम मौजूद रही। सुपेला थाने की पुलिस बल ने सुबह से गदा चौक क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी थी।

संडे बाजार के कारण सुपेला चौक से गदा चौक तक सड़कों पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैला लेने के कारण राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानी हो रही थी। बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज निगम ने सख्ती बरतते हुए सामानों की जब्ती की और अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की कड़ी हिदायत दी।

कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, प्रसन्न तिवारी, बालकृष्ण नायडू, तोड़फोड़ अधिकारी विनय शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, बेदखली सहायक हरिओम गुप्ता एवं स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी, बेदखली दल से करण, विष्णु सोनी और राजेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Share this
READ MORE  भिलाई में बदमाश को लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला, 30 से अधिक लोग हिरासत में