० आयुक्त के निर्देश पर बाजार विभाग की कार्रवाई
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत मानस भवन के पास लगे अस्थाई गुमटीधारियों पर निगम प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। गुमटी वाले लंबे समय से बकाया किराया राशि जमा नहीं कर रहे थे। आयुक्त सुमित अग्रवाल के सख्त निर्देश पर निगम के बाजार विभाग के ईश्वर वर्मा और शशिकांत यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
निगम अमले ने मानस भवन के पास लगे अस्थाई 16 गुमटियों को सीलबंद करने की कार्रवाई की। निगम प्रशासन ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बाद भी संबंधित गुमटीधारी किराया राशि जमा नहीं किए, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्ग नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत जिन दुकानदारों द्वारा बकाया किराया राशि जमा नहीं की जाएगी, उन दुकानों पर भी इसी प्रकार सीलबंद की कार्रवाई कर निगम आधिपत्य में लिया जाएगा।
बता दें कि मानस भवन के पास बकाया किराया राशि जमा नहीं करने वाले 16 गुमटियों में सीलबंद की कार्रवाई की गई।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम की संपत्तियों का किराया समय पर जमा करना आवश्यक है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
