दुर्ग। नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। शहर में बढ़ते धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने एवं वायु गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से निगम द्वारा अत्याधुनिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों का उपयोग शुरू किया गया है।
आज महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देवनारायण चंद्रकार, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, पार्षद देव नारायण तांडी, अभियंता विनीता वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, कर्म शाला अधीक्षक शोयब अहमद सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अत्याधुनिक मशीन वैक्यूम वायु तकनीक पर आधारित है, जो सड़कों पर जमा धूल, रेत एवं छोटे मलबे को प्रभावी ढंग से हटाती है। इससे न केवल सफाई बेहतर होगी, बल्कि धूल प्रदूषण में भी कमी आएगी। अब मुख्य सड़कों, चौड़ी सड़कों एवं कॉलोनियों में मैन्युअल झाड़ू के स्थान पर मशीनों से सफाई की जाएगी।
गलियों में सफाई की जिम्मेदारी कर्मियों को जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पाएंगी, वहां की तंग गलियों एवं आंतरिक मार्गों की सफाई की जिम्मेदारी निगम के सफाई कर्मियों को दी जाएगी। इस व्यवस्था से पूरे शहर में संतुलित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
शुभारंभ के दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और धूल मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मशीनीकृत सफाई व्यवस्था से न केवल कार्य में तेजी आएगी, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण भी प्राप्त होगा।
