छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी की दस्तक: राजनांदगांव में 43°C, कई जिलों में लू का अलर्ट

Share this

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में एंटी साइक्लोन के प्रभाव के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में तापमान लगभग 3 डिग्री तक बढ़ा है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

बुधवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश से लेकर कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है, जो लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके साथ ही कर्नाटक और आसपास के महाराष्ट्र क्षेत्र में एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ में तापमान में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश के मध्य क्षेत्र में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर (हीटवेव) या लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

READ MORE  पासपोर्ट सेवा 5 दिन तक बंद, पहले के अपॉइंटमेंट भी करने होंगे रीशेड्यूल
Share this