

वाराणसी। उत्तरप्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अलग-अलग हादसों में अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सबसे ज्यादा मौतें वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में दर्ज की गई है। आंधी और बारिश से ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकान और टीन शेड उड़ गए। खेतों में खड़ी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। धूल भरी आंधी और बारिश के कारण कई सड़कों पर यातायात बाधित रहा।

मृतकों में भदोही में 18, मिर्जापुर में 15, प्रयागराज में 17, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6 तथा प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी जनहानि की खबरें सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए राहत के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान पर दुख जताते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं।
एक ओर जहां बारिश से कुछ इलाकों में तबाही मचाई है, वहीं बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी रहा।
रेलवे सेवाएं भी प्रभावित
आंधी के कारण दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा। फतेहपुर में पेड़ गिरने से ओएचई लाइन टूट गई, जिससे कानपुर होकर गुजरने वाली करीब 22 ट्रेनें प्रभावित हुईं।
वहीं प्रयागराज-जौनपुर रेलखंड पर भी पेड़ गिरने से रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में रेलवे टीमों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक क्लीयर कराया।
