मानसून अलर्ट: 4 जून तक केरल पहुंच सकता है मानसून, उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी तपिश

Share this

 

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं और इसके 4 जून तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने और भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी गई है।

तमिलनाडु के 15 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मापुरी, कृष्णागिरी, वेल्लोर, मदुरै समेत 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि 7 जून तक इन इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

 

वहीं राजधानी चेन्नई समेत उत्तर तटीय तमिलनाडु के क्षेत्रों में उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

 

उत्तर भारत में फिर लौटेगी भीषण गर्मी

 

उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले दिनों हुई बारिश और आंधी से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ रहा है, जिसके चलते अगले दो से तीन दिनों में तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

READ MORE  वोट चोरी पर इंडी गठबंधन का मार्च, राहुल - प्रियंका हिरासत में

 

सोमवार को यूपी के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। सुल्तानपुर, फतेहपुर, अमेठी, आजमगढ़, हरदोई और झांसी में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि फर्रुखाबाद 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

मध्य भारत में आंधी और बिजली गिरने की आशंका

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राजस्थान और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में भी आंधी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं पूर्वोत्तर भारत में 6 और 7 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।

देश में मानसून की दस्तक से जहां दक्षिण भारत में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं उत्तर भारत के लोगों को फिलहाल गर्मी और लू के लिए तैयार रहना होगा।

Share this