

दुर्ग। जिले में बायपास रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार के तीन सदस्य कार से बायपास रोड होते हुए दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। स्थिति को भांपते हुए कार सवारों ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर खड़ी कार आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। कार से उठता काले धुएं का गुबार दूर तक नजर आ रहा है। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
