दुर्ग के आर्य नगर सामूहिक मौत मामले में बड़ा खुलासा: बच्चों की हत्या के बाद दंपति ने की आत्महत्या, पुलिस ने दर्ज किया अपराध 

Share this

 

दुर्ग। शहर के आर्य नगर क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतक दंपति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि माता-पिता ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद स्वयं फांसी लगाकर जान दे दी। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की प्रक्रिया शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, 21 मई की रात गोविंद साहू, पत्नी चंचल कुंवर, 13 वर्षीय बेटी तृष्णा और 11 वर्षीय बेटे यशांक के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह काफी देर तक परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं आया और दरवाजा नहीं खुला।

प्रार्थी नेमचंद साहू की माता धनवंतीन साहू ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर का दृश्य बेहद वीभत्स था। गोविंद साहू स्टडी रूम में पंखे से लटके मिले, जबकि उनकी पत्नी चंचल कुंवर बेडरूम में फंदे पर थीं। वहीं दोनों बच्चे बेड पर मृत अवस्था में पाए गए।

पुलिस जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह सामने आया कि बच्चों की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद दंपति ने फांसी लगाकर जान दे दी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई की है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था और अब अपराध दर्ज होने के बाद मामले से जुड़े कारणों और परिस्थितियों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

READ MORE  गणतंत्र दिवस समारोह, केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली
Share this