सीएम साय ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान, छत्तीसगढ़ योग आयोग के न‌ए अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार

Share this

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि योग को गांव-गांव, विद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों के कारण भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के 176 से अधिक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाकर भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग और आयुर्वेद को नई दिशा देने के लिए आयुष मंत्रालय का गठन किया तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है, जिससे भविष्य में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

READ MORE  भिलाई सिविक सेंटर में 4 बड़े कोचिंग सेन्टर सील, फायर सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है। राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विधायक किरण सिंह देव ने विश्वास व्यक्त किया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेश के प्रत्येक गांव, शहर और परिवार तक योग की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगा।

समारोह में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े,, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, योग साधक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share this